यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान , कहा 2025 तक हो जाएगा…

यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि वर्ष 2025 तक प्रदेश से टीबी उन्मूलन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। क्षय रोगियों को विधायक, सांसद, मंत्री और अधिकारी व संस्थाएं गोद लेंगी।

प्रदेशवासियों का बेहतर स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता में है। योगी सरकार ने कोरोना का बेहतरीन प्रबंधन किया और इसके लिए प्रदेश को दुनियाभर में वाहवाही मिली।

ये बातें भाजपा के राज्य मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहीं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के बेहतरीन प्रंबंधन का नतीजा है कि आज प्रदेश में कोरोना के मामले खत्म होने के करीब है। आज सभी 75 जिलों में आरटीपीसीआर जांच के लिए बीएसएल-2 लैब हैं। प्रदेश में अब तक 10 करोड़ 94 लाख कोरोना टेस्ट हो चुके हैं। एक्टिव केस 300 से कम बचे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना गरीब लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है। इस योजना के तहत 1.18 करोड़ पात्र परिवार हैं। अन्य गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना चलाई जा रही है। अब तक दोनों योजनाओं के तहत कुल मिलाकर 1.80 करोड़ आयुष्मान कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। अब तक इन दोनों योजनाओं से 12 लाख लोगों को लाभ मिल चुका है। इसमें 1200 करोड़ रुपया व्यय हुआ है।

सरकार संचारी रोग के खात्मे के लिए भी प्रयासरत है। वर्ष 2030 तक मलेरिया से प्रदेश को मुक्त करने की दिशा में काम हो रहा है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया जा चुका है। इसके तहत जेई, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि बीमारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button