यूपी में आखिरी दो चरणों के चुनाव प्रचार में हो रही रूस यूक्रेन-युद्ध की खूब चर्चा, बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने किया ऐसा…

उत्तर प्रदेश में आखिरी दो चरणों के चुनाव प्रचार पर रूस यूक्रेन-युद्ध का भी असर पड़ सकता है। दरअसल, भाजपा कार्यकर्ता इन दिनों सोशल मीडिया पर इस युद्ध के मद्देनजर मजबूत राष्ट्र- मजबूत प्रदेश से जुड़े तमाम पोस्ट साझा कर रहे हैं।

ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि उसके मौजूदा चुनाव प्रचार अभियान में यह भी मददगार साबित होगा। उत्तर प्रदेश का चुनाव अब पूर्वांचल में पहुंच गया है। गोरखपुर व बनारस क्षेत्र में आखिरी दो चरणों के लिए मतदान होना बाकी रह गया है। इसी समय रूस-यूक्रेन युद्घ भी चरम पर है। सारी दुनिया के साथ भारतीय मीडिया में भी इसकी सबसे ज्यादा चर्चा है। सोशल मीडिया पर भी इस युद्ध को लेकर तमाम पोस्ट साझा हो रहे हैं।

सीधे तौर पर भाजपा इस युद्ध को कोई लेकर कोई बयानबाजी चुनाव अभियान में नहीं कर रही है, लेकिन उसके कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर इसको लेकर मजबूत राष्ट्र और मजबूत प्रदेश से जुड़े तमाम पोस्ट साझा कर रहे हैं। इन पोस्ट से सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और खासकर युवाओं पर पड़ने की उम्मीद है। ऐसे में एक वर्ग भाजपा के प्रति सकारात्मक रुख अपना सकता है।

गौरतलब है कि विभिन्न सामाजिक समीकरणों में भाजपा को अपने विरोधी दलों से कड़ा मुकाबला करना पड़ रहा है। आखिरी दो चरणों के चुनाव में भाजपा की सहयोगी अपना दल व निषाद पार्टी के सामने सपा व उसकी सहयोगी सुभासपा की चुनौती है। इन चरणों का महत्व इसलिए भी है, क्योंकि इनमें गोरखपुर और वाराणसी के क्षेत्र शामिल हैं। गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपना क्षेत्र है, जबकि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ा इलाका है।

ऐसे में जबकि पूरे प्रदेश में चुनाव हो चुका है तो भाजपा ने भी अपनी सारी ताकत इन दो चरणों में झोंक रखी है। विरोधी पक्ष भी अपनी पूरी तैयारी से यहां पर डटा हुआ है। इस चुनावी घमासान में सभी मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखा जा रहा है ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को अपने पक्ष में लाया जा सके। मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी दोनों ही इन चरणों में अपेक्षाकृत ज्यादा समय दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button