अस्पताल के सामने महिला को छेड़ा, आरोपी ने बीच सड़क पर पकड़े पांव

यमुनानगर में एक मनचले युवक को महिला से छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया। छेड़छाड़ कर रहे युवक को महिला ने पकड़ लिया। महिला ने अपने साथ आए परिजन को सारी बात से अवगत कराया। जिस पर उन्होंने युवक को कई थप्पड़ भी जड़े।

मामला बढ़ता देख युवक ने बीच सड़क पर ही महिला व उसके परिजन के पांव पकड़ लिए। वह भी एक नहीं कई-कई बार। माफी मांगते हुए युवक ने महिला को अपनी बहन कहा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने महिला से उसे माफ करने को कहा। मनचला युवक बिना देर किए वहां से निकल गया।

यह था पूरा मामला
यह घटना मुकंद लाल जिला सिविल अस्पताल के सामने की है। महिला अपने परिजन के साथ अस्पताल के सामने से जा रही थी। कुछ दूरी से एक मनचला युवक महिला का पीछा कर रहा था। युवक को आभास नहीं था कि महिला के साथ उसका परिजन भी है। युवक ने जब छेड़छाड़ शुरू की तो महिला ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसको एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़े। अस्पताल गेट के सामने काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

भीड़ में मौजूद कई लोगों ने भी युवक पर हाथ साफ कर दिया। मनचला युवक माफी मांगता रहा लेकिन कोई भी उसे छोड़ने को तैयार नहीं था। कोई डायल 112 पुलिस को मौके पर बुलाने की बात कह रहा था तो कोई उसे थाने ले जाने की बात कहने लगा। मामला बढ़ता देख मनचले ने हाथ जोड़ कर महिला से माफी भी मांगी। इसी बीच लोग बीच-बीच में उसे थप्पड़ भी जड़ते रहे। जब बात ज्यादा बढ़ी तो युवक ने बीच सड़क पर महिला व उसके परिजन के पांव पकड़ लिए। भविष्य में किसी के साथ ऐसी हरकत नहीं किए जाने की बात कही। तब जाकर लोगों ने उसे जाने दिया।

Related Articles

Back to top button