प्रयागराज:उपद्रवियों के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, 5400 लोगों पर केस

शुक्रवार को नमाज के बाद अटाला इलाके में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने जावेद मोहम्मद उर्फ जावेद पंप को मुख्य आरोपी बनाया है। जावेद समेत 68 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साजिशकर्ताओं के बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं। सीएए और एनआरसी विरोध-प्रदर्शन में शामिल रहे लोगों के खिलाफ भी इस बार मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपियों की पहचान करके छापामारी कर रही है। अटाला में पुलिस और पैरामिलिट्री का सख्त पहरा है। देर रात तक इस मामले में 36 लोग गिरफ्तार किए गए थे जबकि 1000 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

शनिवार को एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि अटाला बवाल के मुख्य साजिशकर्ता समेत अन्य की गिरफ्तारी हो चुकी हैं। पुलिस ने खुल्दाबाद और करेली थाने में कुल तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। कुल 95 नामजद और पांच हजार से अधिक अज्ञात पर केस दर्ज किया है। दोपहर में नगर निगम की टीम भी अटाला पहुंच गई। आरोपियों के बिना नक्शा पास वाले घरों की पहचान की जाती रही। बिरयानी बेचने वालों पर भी पुलिस की नजर है। उन पर फंडिंग का आरोप है। उधर बिजली विभाग ने आरोपियों के बकाया बिजली बिलों की छानबीन शुरू कर दी है। नगर निगम ने सरकारी संपत्तियों के नुकसान और बवाल के बाद सफाई में हुए खर्च की वसूली की तैयारी की है।

सीएम योगी ने कहा- यूपी के कई शहरों में माहौल बिगाड़ने में शामिल समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। ऐसे असामाजिक लोगों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है, किसी भी निर्दोष का उत्पीड़न नहीं होगा लेकिन दोषी नहीं बचेगा।

 

जुमे की नमाज के बाद हुए उपद्रव के बाद सभी नौ जिलों में पुलिस पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में है। इन जिलों में अब तक 13 एफआईआर दर्ज करते हुए 255 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि सहारनपुर में 64, हाथरस में 50, अंबेडकरनगर में 28, मुरादाबाद में 27, फिरोजाबाद में 13, अलीगढ़ में तीन और जालौन में दो अभियुक्त पकड़े गए हैं।

Related Articles

Back to top button