बारासात में पीएम मोदी ने महिला रैली को किया संबोधित; भारत माता की जय और जय मां काली के साथ की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला रैली को संबोधित करने पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के बारासात पहुंचे। इस दौरान उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’, ‘जय मां काली’ और ‘जय मां दुर्गा’ के जयकारे के साथ की।

‘भाजपा नारीशक्ति को विकसित भारत की शक्ति बना रही’
उन्होंने कहा कि आज का ये विशाल कार्यक्रम इस बात का साक्षी है कि भाजपा कैसे नारीशक्ति को विकसित भारत की शक्ति बना रही है। 9 जनवरी को भाजपा ने देश में ‘नारीशक्ति वंदन अभियान’ शुरू किया था, इस दौरान देश भर में लाखों स्वयं सहायता समूहों से संवाद किया गया। आज यहां पश्चिम बंगाल में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी बहनों का इतना विराट सम्मेलन हो रहा है।

‘हिंदुस्तान के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी घटना’
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने वर्षों तक संगठन में काम किया है। इसलिए मुझे पता है कि इतना बड़ा राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करना हो, देश भर में 19-20 हजार स्थानों पर महिला समूह एक कार्यक्रम में जुड़े हों, ये हिंदुस्तान के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी घटना है।

Related Articles

Back to top button