नाबालिगों का यौन उत्पीड़न करने का आरोपी पादरी जेबराज केरल से गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

कोच्चि: तमिलनाडु में दो नाबालिगों का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी पादरी जॉन जेबराज को केरल के मुन्नार से गिरफ्तार किया गया है। उसकी गिरफ्तारी शनिवार शाम को की गई। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जेबराज कोयंबटूर में किंग्स जेनरेशन चर्च का पादरी है।
37 वर्षीय पादरी जेबराज कई महीनों से गिरफ्तारी से बच रहा था। कोयंबटूर सिटी पुलिस ने आरोपी को खोजने के लिए कई टीमें गठित की थीं। वह देश से भागने में सफल न हो सके, इसके लिए पुलिस ने आरोपी पाटरी के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। कोयंबटूर पुलिस लगातार आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। कोयंबटूर के सेंट्रल ऑल वूमेन थाने की पुलिस ने पादरी को केरल के मुन्नार में ट्रैक किया और शनिवार शाम को वहां पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। जेबराज पर यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
पार्टी के दौरान नाबालिगों के साथ की थी मारपीट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पादरी जेबराज ने पिछले साल मई में कोयंबटूर में अपने घर पर एक पार्टी की थी। पार्टी के दौरान उसने दो नाबालिगों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। पीड़ितों में से एक ने पादरी द्वारा मारपीट किए जाने के बारे में अपने एक रिश्तेदार को जानकारी दी, जिसके बाद सेंट्रल ऑल वूमेन पुलिस स्टेशन में पादरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
पादरी ने आरोपों के पीछे बताया था अपनी पत्नी का हाथ
हालांकि, आरोपी पादरी जेबराज ने हाल ही में अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया था। इस दौरान पादरी ने उस पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को झूठा बताया था। उसने दावा किया था कि इन आरोपों के पीछे उसकी पत्नी का हाथ है, जो उससे अलग रह रही है। बता दें कि पादरी और उसकी पत्नी के बीच तलाक की कार्रवाई चल रही है।