IPL 2022 : चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई को हराया , धोनी ने बनाए इतने रन

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस दोनों की प्वॉइंट्स टेबल में हालत खस्ता है। दोनों क्रम से नौवें और दसवें पायदान पर हैं। लगातार छह हार झेलने  के बाद मुंबई इंडियंस की टीम गुरुवार को पहली जीत की तलाश में सीएसके खिलाफ खेलने उतरी थी, लेकिन धोनी ने ऐसा होने नहीं दिया।

आखिरी चार गेंद पर 16 रनों की जरूरत थी और स्ट्राइक पर थे दुनिया के बेस्ट फिनिशर महेंद्र सिंह धोनी। धोनी ने वही किया, जिसके लिए वह जाने जाते हैं, लेकिन जीत के बाद रविंद्र जडेजा ने जो किया, उसकी शायद ही किसी को उम्मीद थी और यही वजह है कि जड्डू की फोटो खूब वायरल हो रही है।

मैच खत्म करके जब धोनी मैदान से लौट रहे थे, तो कप्तान जडेजा आए और झुककर उनको सलाम किया, तो वहीं अंबाती रायुडू ने हाथ जोड़ लिए। धोनी 13 गेंद पर 28 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। 6, 4, 2, 4 के साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके को जीत दिलाई। धोनी ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, ऐसा लग रहा था, जैसे पुराने दिन लौट आए हों।

जडेजा ने मैच के बाद कहा कि थोड़ा नर्वस जरूर थे हम लेकिन हमें पता था कि क्रीज पर धोनी हैं और वह हमारे लिए मैच खत्म करके ही लौटेंगे। मैच की बात करें तो सीएसके ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।

मुबंई इंडियंस ने 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। तिलक वर्मा ने नॉटआउट 51 रनों की पारी खेली, वहीं मुकेश चौधरी ने तीन ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जवाब में सीएसके ने 20 ओवर में सात विकेट पर 156 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। धोनी 13 गेंद पर 28 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।

Related Articles

Back to top button