आईएनएस मुंबई तीन दिवसीय यात्रा पर कोलंबो पहुंचा, श्रीलंकाई नौसेना के साथ करेगा पैकेज अभ्यास

भारतीय नौसेना का पोत सोमवार को श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर कोलंबो पहुंचा। यह पोत श्रीलंकाई नौसेना के पोत के साथ पैकेज अभ्यास भी करेगा। श्रीलंकाई नौसेना ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भारतीय नौसेना के युद्धक पोत का शानदार स्वागत किया गया। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि आईएनएस मुंबई 163 मीटर लंबा विध्वंसक पोत है जिस पर 410 सदस्यों का दल सवार है। उन्होंने आगे बताया कि यह पोत श्रीलंका की बंदरगाह पर पहली बार आया है। बता दें कि यह इस साल भारतीय जहाजों द्वारा आठवां बंदरगाह दौरा है।

श्रीलंकाई नौसेना ने बताया कि जहाज के आगमन पर इसके कमांडर कैप्टन संदीप कुमार ने पश्चिमी नौसेना क्षेत्र के कमांडर रियर एडमिरल चिंताका कुमारसिंघे से मुलाकात की। जहाज के कोलंबो में ठहरने के दौरान इसके चालक दल के सदस्य देश के पर्यटक स्थलों का दौरा भी करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि जहाज के परिचालन कार्यों पर एक सत्र आईएनएस मुंबई पर श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों के लिए आयोजित किया जाएगा।

उच्चायोग ने कहा, “आईएनएस मुंबई जो दिल्ली श्रेणी के विध्वंसकों में से तीसरा है, श्रीलंका वायुसेना (एसएलएएफ) द्वारा संचालित डोर्नियर समुद्री गश्ती विमान के लिए आवश्यक पुर्जे लाएगा। यह जहाज श्रीलंकाई नौसेना के साथ संयुक्त गतिविधियों में हिस्सा लेगा, जिसमें खेल, योग और तटीय क्षेत्र की सफाई शामिल है।” आईएनएस मुंबई 29 अगस्त को कोलंबो तट पर श्रीलंका नौसेना के जहाज के साथ एक पैसेज अभ्यास में भी हिस्सा लेगा। बता दें कि भारत में निर्मित आईएनएस मुंबई को 22 जनवरी, 2001 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था।

Related Articles

Back to top button