प्रियंका चोपड़ा के 5 एथनिक लुक, भाई की शादी में अपनाकर लगेंगी देसी गर्ल

बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपने दमदार अभिनय और खूबसूरती के साथ हर किसी को दीवाना बनाने वाली प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने भाई की शादी के लिए भारत आई हुई हैं। प्रियंका चोपड़ा अब एक ग्लोबल आइकन बन चुकी हैं, जिन्हें अक्सर वेस्टर्न परिधानों में देखा जाता है, हालांकि भारतीय सुंदरता का विदेश में नेतृत्व करती यह अभिनेत्री स्वदेशी परिधानों में बला की खूबसूरत लगती हैं।

भाई की सगाई हो या शादी की रस्में, प्रियंका कई मौकों पर भारतीय पारंपरिक कपड़ो में नजर आईं। उनका हर लुक काफी क्लासी लगता है। प्रियंका चोपड़ा एथनिक आउटफिट में ग्लैमरस दिखना भी बखूबी जानती हैं। ऐसे में आप भी किसी खास मौके पर एथनिक वियर पहन रही हैं तो प्रियंका चोपड़ा के लुक और स्टाइल से टिप लेकर पारंपरिक परिधान में ग्लैमरस दिख सकती हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने अपने भाई की शादी से जुड़ी रस्मों में मर्जैंटा रंग की खूबसूरत साड़ी पहनी, जिसपर उसी रंग की बारीक कढ़ाई की गई थी। भारी भरकम साड़ियों की वैरायटी से अलग प्रियंका की यह साड़ी हल्की, सहज और क्लासी लग रही थी। वहीं अपने लुक को पूरा करने के लिए प्रियंका ने पर्ल नेकपीस पहना, जिससे उनका एथनिक लुक काफी स्टाइलिश लगने लगा। आप भी शादी समारोह के मौके पर सुर्ख रंग की साड़ी के साथ ट्रेंडी ज्वेलरी मैच करके पहन सकते हैं।

शादी में पारंपरिक साड़ी में ग्लैमर के लिए शिमर वर्क वाली साड़ी को स्टाइल कर सकते हैं। प्रियंका चोपड़ा की यह साड़ी पार्टी के हिसाब से एकदम परफेक्ट है। हालांकि प्रियंका ने ट्यूब ब्लाउज को टीमअप करके ग्लैमर बढ़ा दिया। आप चाहें तो अपनी मनपंसद ब्लाउज डिजाइन को अपना सकते हैं।

इन दिनों अभिनेत्रियों से लेकर कई सेलेब्स भी अक्सर प्रिंटेड साड़ी कैरी किए नजर आ जाते हैं। किसी इवेंट या शादी समारोह में प्रिंटेड साड़ी पहनने का ट्रेंड भी बढ़ा है। भाई की शादी में आप सुंदर प्रिंट की फ्लोरल प्रिंट साड़ी कैरी कर सकती हैं। साड़ी के साथ स्पैगटी स्लीव्स ब्लाउज या फुल स्लीव्स ब्लाउज और स्वीटहार्ट नेकलाइन ब्लाउज काफी स्टाइलिश लुक दे सकते हैं।

पेस्टल रंग ट्रेंड में हैं। मौसम के अनुरूप आप पेस्टल रंग की साड़ियों को चुन सकते हैं। प्रियंका की इस नेट की साड़ी में बारीक कढ़ाई की गई है। इस तरह की साड़ी दिन के फंक्शन के लिए क्लासी और एलिगेंट लगेगी। आप भी घर के कार्यकमों के मौके पर इस तरह की साड़ी से खुद को स्टाइल कर सकते हैं।

बहनों को भाई की शादी को लेकर काफी उत्साह रहता है। अब बारात लेकर जाना है तो एथनिक वियर में साड़ी के अलावा लहंगा भी अपना सकती हैं। भारी भरकम डार्क कलर लहंगे तो कई लोग नजर आ जाएंगे। आप कुछ अलग स्टाइल अपना सकती हैं। पेस्टल रंग के लहंगे, चिकनकारी लहंगे या फ्लोरल प्रिंट लहंगे को पहनकर इतरा सकती हैं।

Related Articles

Back to top button