‘सादगी के प्रतीक’, पूर्व पीएम के जन्मदिवस पर कांग्रेस की शुभकामना, प्रधानमंत्री ने भी दी बधाई

नई दिल्ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आज अपना 92वां जन्मदिवस मना रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व पीएम को बधाई दी। राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने विनम्रता, बुद्धिमानी से देश की निस्वार्थ सेवा की और देश के भविष्य को दिशा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व पीएम को जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की। पीएम मोदी ने उनसे फोन पर बात भी की।

‘सादगी के प्रतीक और दूरदर्शी नेता’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी और सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा कि ‘वे राजनीति में सादगी, गरिमा और सरलता के दुर्लभ प्रतीक हैं।’ खरगे ने कहा कि ‘मनमोहन सिंह ने बोलने से ज्यादा काम किया। हम राष्ट्र के लिए उनके जबरदस्त योगदान के लिए आभारी हैं।’ वहीं राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा ‘डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे देश के भविष्य को आकार देने में आपकी विनम्रता, बुद्धिमत्ता और निस्वार्थ सेवा मुझे और लाखों भारतीयों को प्रेरित करती रहेगी। आपको हमेशा अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की शुभकामनाएं!’

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पूरा जीवन देश को समर्पित रहा है। उन्होंने देश के सभी वर्गों के हित, प्रगति और कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई जन कल्याणकारी नीतियां बनाई हैं। कांग्रेस परिवार की ओर से भारत में आर्थिक समृद्धि के निर्माता डॉ. मनमोहन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम ईश्वर से आपके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं।’

प्रधानमंत्री मोदी ने भी दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’ बीते दिनों मनमोहन सिंह ने राज्यसभा का कार्यकाल पूरा किया था और इसके साथ ही उनकी सक्रिय राजनीति से विदाई हो गई। उस दौरान पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह की खूब तारीफ की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि ‘मेरे मनमोहन सिंह जी से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा देश के लिए मार्गदर्शक का काम किया। जब भी देश के लोकतंत्र की बात होगी तब मनमोहन सिंह की चर्चा जरूर होगी।’

Related Articles

Back to top button