छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश सिंह बघेल ने सीएम योगी पर साधा निशाना , कह डाली ये बड़ी बात

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के जरिए उत्तर प्रदेश की सत्ता के करीब पहुंचने के लिए प्रियंका गांधी की अगुवाई में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। आज प्रियंका सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर पहुंची हैं।

प्रियंका ने गोरखपुर से भाजपा को जमकर ललकारा। उनसे पहले छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश सिंह बघेल ने भी सीएम योगी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें ‘बुलडोजरनाथ’ बता दिया।

सीएम बघेल को कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पिछले कुछ दिनों से उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को जिताने के लिए तन-मन-धन झोंक दिया है। प्रियंका की प्रतिज्ञा रैली से पहले गोरखपुर में भी जिस तरह बघेल के बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगे हैं और उन्हें पिछड़ा वर्ग के हितों का संरक्षक बताया जा रहा है उससे स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश की जातीय समीकरणों वाली राजनीति में कांग्रेस भी अपना गणित दुरुस्त करने में जुट गई है।

राजनीतिक जानकारों का कहना कि साफ नजर आ रहा है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के जरिए कांग्रेस उत्तर प्रदेश में कुर्मी जाति के वोटरों को साधने की कोशिश में है। बघेल कुर्मी जाति से ताल्लुक रखते हैं। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में इस जाति के मतदाता हैं। बघेल के जरिए उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस की रणनीति इस जाति के वोट बैंक को आकर्षित करने की है। कांग्रेस को लगता है कि बघेल के नाम पर यह वर्ग उनकी ओर आकर्षित हो सकता है।

गोरखपुर की सभा में प्रियंका ने भाजपा के साथ-साथ सपा पर भी जोरदार हमला बोला है। प्रियंका ने कहा कि सपा-बसपा के राज में प्रदेश बदहाल हो गया आज सपा उन पर भाजपा जैसी पार्टी होनका आरोप लगा रही है। जाहिर है यूपी के मैदान में कांग्रेस कभी अपना वोट बैंक रही पिछड़ी जातियों, अल्पसंख्यकों और दलितों को दोबारा जोड़ने की पुरजोर कोशिश कर रही और इस काम में अब वो भाजपा के साथ मुख्य विपक्षी सपा-बसपा या किसी अन्य दल पर भी हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। इसी वजह से पार्टी अब अलग-अलग जातियों और वर्गों के अपने क्षत्रपों को यूपी के मैदान में उतारने लगी है।

Related Articles

Back to top button