डॉक्टर दुष्कर्म-हत्याकांड के खिलाफ भाजपा का बंगाल बंद आज, केंद्रीय मंत्री भी शामिल

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में डॉक्टर दुष्कर्म-हत्याकांड के करीब तीन सप्ताह बाद भी तनाव जारी है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की इस घटना को लेकर छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। इसी सिलसिले में बंगाल भाजपा ने आज राज्यभर में बंद का आह्वान किया है, जो सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक रहेगा।

बंगाल में पार्टी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि कोलकाता में छात्रों के नबान्न आंदोलन में जिस तरह की बर्बरता ममता सरकार की तरफ से दिखाई जा रही है, वह लोकतंत्र की छवि को गहरा नुकसान पहुंचाती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल में महिला सुरक्षा पर बोलना अपराध जैसा है, जबकि ममता राज में दुष्कर्म और हत्या जैसी घटनाएं आम हो गई हैं।

शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बर्बर कार्रवाई की: शुभेंदु अधिकारी
इससे पहले बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोलकाता और हावड़ा में नबन्ना अभियान रैली में शांतिपूर्ण तरीके से भाग लेने वालों पर बर्बर कार्रवाई का सहारा लिया है। अधिकारी ने धमकी दी कि अगर राज्य सरकार द्वारा बर्बरता नहीं रोकी गई तो पश्चिम बंगाल को ठप कर दिया जाएगा।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अगर पुलिसिया दमन तुरंत नहीं रोका गया तो हम (भाजपा) पश्चिम बंगाल को ‘ठप’ कर देंगे।’’ उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि प्रशासन ने भयावह स्थिति पैदा कर दी है। सैकड़ों प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं। अगर पुलिस आयुक्त विनीत गोयल और पुलिस महानिदेशक ने ऐसी बर्बरता नहीं रोकी तो हम चुप नहीं बैठेंगे।

Related Articles

Back to top button