कभी मुंबई की चॉल में रहने को मजबूर थे ये सितारे, फिर संघर्ष की भट्टी में तपकर पाया सफलता का मुकाम

मनोरंजन की चकाचौंध दुनिया में सितारे अपना करियर बनाने के लिए आंखों में कई सपने लिए मायानगरी आते हैं। मुंबई में उन्हें अभिनय में कदम रखने के लिए काफी संघर्ष करने पड़ते हैं और वे सितारे छोटी से छोटी भूमिका पाने के लिए अपना सुकून-चैन और नींद भी त्याग देते हैं। कई सितारे ऐसे हैं, जिन्हें संघर्ष के दिनों में सुकून की नींद भी नसीब नहीं हुआ करती थी तो वहीं कई सितारे ऐसे भी हैं, जिन्होंने मुंबई के चॉल में अपनी रातें काटी हैं। बॉलीवुड के कई सितारे आज आलीशान जिंदगी जीते हैं और लग्जरी बगलों में रहते हैं, लेकिन संघर्ष के दिनों में वे चॉल में रहा करते थे। चलिए जानते हैं उन सितारों के बारे में…
जितेंद्र
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आता है हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जितेंद्र का। उन्होंने अपने करियर में तकरीबन 200 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। जितेंद्र का असली नाम रवि कपूर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, आज जितेंद्र करीब 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। हालांकि, एक वक्त पर जितेंद्र दो वक्त की रोटी के लिए भी तरसते थे। जितेंद्र के पिता आर्टिफिशियल जूलरी बेचते थे और उन्होंने अपने परिवार के साथ 20 वर्ष मुंबई की चॉल में गुजारे। हालांकि वक्त ने करवट ली और अभिनेता की किस्मत चमकी। 1969 में बतौर हीरो जितेंद्र को डायरेक्टर वी.शांताराम की फिल्म ‘गीत गाया पत्थरों ने’ में अभिनय करने का मौका मिला।

मनोज बाजपेयी
इस लिस्ट में अगला नाम आता है मनोज बाजपेयी का। अभिनेता अब तक ‘द फैमिली मैन’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘गुलमोहर’, ‘सत्या’ और ‘शूल’ जैसी कई सफल परियोजनाओं में नजर आ चुके हैं। उन्होंने संघर्ष करते हुए मेहनत के दम पर आज यह मुकाम पाया है। उन्होंने साल 2019 में बताया था कि वे शुरुआती दिनों में चॉल में रहते थे। किन एक बार वे अपने घर चले गए और जब लौटे तो देखा वहां 10 लोग सो रहे थे। उस समय उन्हें काफी बुरा लगा। हालांकि, उन्होंने यह मुकाम पाया और आज आलीशान बंगले में रहते हैं।

शेफाली शाह
शेफाली शाह भी इस लिस्ट में शामिल हैं। वे भी अब तक कई हिट परियोजनाओं का हिस्सा रही हैं। अभिनेत्री ने एक बार पुराने दिनों को याद कर साझा किया था कि वे एक निम्न मध्यम परिवार से आती हैं और अपने परिवार के साथ मुंबई की एक चॉल में रहती थीं। उनका कहना है कि एक समय ऐसा भी था, जब उनके पास रहने के लिए कोई घर भी नहीं था। शेफाली शाह लंबे वक्त तक परिवार के साथ फिशरमैन कॉलोनी की चॉल में रही थीं।

जैकी श्रॉफ
जैकी श्रॉफ भी इस लिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए हैं। आज जैकी के पास घर, बंगला और गाड़ी सबकुछ है। हालांकि, एक वक्त ऐसा था जब वह चॉल में रहा करते थे। जैकी ने 33 वर्ष चॉल में बिताए हैं। अपने संघर्ष को याद करते हुए खुद जैकी ने कहा था, ‘मैंने अपनी जिंदगी के 33 वर्ष वहीं बिताए हैं। यह चॉल मेरे दिल के बेहद खास रहा है।’

विक्की कौशल
विक्की कौशल अब अपने अभिनय के दम पर अलग पहचान बना चुके हैं। वे भी संघर्ष के दिनों में मुंबई के चॉल में रह चुके हैं। विक्की कौशल पहले बताया था कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने से पहले उन्होंने काफी संघर्ष देखे हैं। विक्की के पिता बॉलीवुड के मशहूर एक्शन डायरेक्टर हैं। हालांकि, एक ऐसा समय भी था, जब विक्की कौशल का परिवार मुंबई के एक छोटे से चॉल में रहने को मजबूर था। हालांकि, वक्त के साथ उन्होंने अपनी किस्मत चमकाई और सफलता की सीढ़ियां चढ़ीं।

Related Articles

Back to top button