कांग्रेस के इस नेता ने सीएम योगी को कहा बुलडोजरनाथ, अब मच सकता घमासान

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने रविवार को गोरखपुर में प्रतिज्ञा रैली की। सीएम योगी का गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में प्रियंका का साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिया।

बघेल ने यहां मंच से सीएम योगी पर जमकर निशाना साधा और यहां तक कह दिया कि वह योगी आदित्यनाथ से ‘बुलडोजरनाथ’ बन गए हैं। बघेल ने कहा, ‘ये धरती कबीर, ये धरती भगवान बुद्ध..गुरु गोरखनाथ की धरती। जहां करुणा, प्रेम, दया और भायचारा है। यहीं से पूरे दुनिया को संदेश गया लेकिन मुझे समझ नहीं आ रहा है कि नाथ संप्रदाय में तो गरीबों, वंचितों, किसानों मजदूरों को गले लगाने की परंपरा है लेकिन योगी आदित्यनाथ जी…आपको क्या हो गया कि आप गरीबों के घर में बुलडोजर चलवाने लगे। आप योगी आदित्यनाथ हैं कि बुलडोजरनाथ हैं।

बघेल यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, ‘प्रेम बांटने की जगह बदला लेने लगे, जिस जनता ने आपको पांच बार सांसद बनाया…उत्तर प्रदेश की जिस जनता ने आपको पांच साल तक राज करने के लिए मुख्यमंत्री बनाया और वही योगी आदित्यनाथ, किसानों के, मजदूरों के घरों में बुलडोजर चलाने लगे। अरे इनका नाम तो बुलडोजरनाथ रखना चाहिए, आदित्यनाथ नहीं।’

बता दें कि प्रियंका गांधी ने गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में यह प्रतिज्ञा रैली की थी। इस दौरान उन्होंने किसानों का कर्ज माफ, बिजली बिल आधा करने, 40 फीसदी सीटों पर महिलाओं की हिस्सेदारी, 20 लाख लोगों को रोजगार देने जैसे वादे किए।

Related Articles

Back to top button