इस राज्य में अब कक्षा 9 से सभी छात्रों को पढ़ाई जाएगी ‘श्रीमद भगवद गीता’ , जानिए सबसे पहले आप

हिमाचल प्रदेश में अब कक्षा 9 से सभी छात्रों को ‘श्रीमद भगवद गीता’ भी पढ़ाई जाएगी। इस बात की जानकारी राज्य के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को दी। खास बात है कि इससे पहले गुजरात के स्कूल सिलेबस में भगवद गीता को शामिल किया गया था। खास बात है कि दोनों राज्यों में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

ठाकुर ने कहा, ‘मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कक्षा 9 से सभी छात्रों को भगवद गीता पढ़ाई जाएगी।’ शिक्षा मंत्री मंडी के दरंग क्षेत्र स्थित पधर गांव में लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने रविवार को ट्वीट किया, ‘हमने पधर में लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय का शुभारंभ किया।क्षेत्र की समस्त जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जयराम ठाकुर सरकार दरंग विधानसभा क्षेत्र के लोगों को उनके घर द्वार के समीप हर सुविधा प्रदान करने और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर संकल्पबद्ध है।’

17 मार्च को गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वघानी ने कहा था कि कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक के छात्रों के लिए भगवद गीता को स्कूल सिलेबस के हिस्से के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी स्कूली पाठ्यक्रम में भगवद गीता को शामिल करने की इच्छा जताई थी।

मंत्री ने कहा कि भगवद् गीता में मौजूद नैतिक मूल्यों एवं सिद्धांतों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का निर्णय केंद्र की नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की तर्ज पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि एनईपी आधुनिक और प्राचीन संस्कृति, परपंराओं एवं ज्ञान प्रणाली को शामिल करने की हिमायत करती है, ताकि छात्र भारत की समृद्ध और विविध संस्कृति पर गर्व महसूस कर सकें।

Related Articles

Back to top button