केदारनाथ की चोटियों पर हो रही बर्फबारी, बदरीनाथ हाईवे बाधित

केदारनाथ की चोटियों पर बर्फबारी हो रही है। पूरे जिले में सुबह से लगातार बारिश जारी है। केदारनाथ में ठंड बढ़ गई है। यात्रियों को बारिश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने सोमवार भी केदारनाथ यात्रा रोकी हुई है।

वहीं बारिश के चलते केदारनाथ धाम में यात्रियों को दिक्कत हो रही है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड से कोई भी यात्री केदारनाथ धाम नहीं जा पा रहा है। जबकि केदारनाथ से नीचे आने वाले यात्रियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ वापस भेजा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर धारी देवी मंदिर एवं चमधार में हाईवे पर पत्थर गिर रहे हैं। बदरीनाथ हाईवे पर आवाजाही बंद है। यात्रियों को श्रीनगर में रोका गया है।

उधर, भारत-चीन सीमा सड़क नीती मलारी हाईवे तमक के पास बंद हो गया है। सीमा पर जाने वाले वाहन भी रुके हैं। बदरीनाथ, हेमकुंड, रुद्रनाथ समेत ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात जारी है।

चमोली जिले में तापमान तेजी से लगातार लुढ़क रहा है। रात से बारिश का सिलसिला जारी है। यात्री अलग-अलग स्थानों पर रुके हुए हैं। विपरीत मौसम के बाबजूद भी सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ पहुंचे। 21 अक्टूबर से शुरू होने वाली शहीद सैनिक सम्मान यात्रा की तैयारियों का उन्होंने जायजा लिया।

Related Articles

Back to top button